छात्र-छात्राएं एमएससी कृषि में पढ़ सकेंगे दो और नए कोर्स
धामपुर। आरएसएम डिग्री कालेज में अगले शैक्षिक सत्र से एमएससी कृषि में छात्र छात्राएं दो और नए कोर्स पढ़ सकेंगे। प्रबंधकीय कार्यकारिणी से प्रस्ताव पास कर विश्वविद्यालय को प्रेषित कर दिया गया है। अभी तक कालेज में कृषि संकाय में स्नातकोत्तर स्तर पर केवल तीन ही कोर्स थे। अब पांच कोर्स होंगे।
कालेज के प्राचार्य डा. राकेश कुमार व प्रबंधक राम नारायण सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को कालेज में प्रबंधन की बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें सर्वसम्मति से अगले शैक्षिक सत्र में एमएससी कृषि में दो और नए कोर्स आनुवंशिकी पादप प्रजनन विज्ञान व कृषि रसायन एवं मृदा विज्ञान को लाने का प्रस्ताव पास किया है। अब तक कृषि संकाय में यहां पर केवल तीन ही कोर्स सस्य विज्ञान, उद्यान विज्ञान व कृषि अर्थशास्त्र विज्ञान ही संचालित थे।
प्राचार्य ने बताया कि कालेज में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालय के आदेश पर मिड टर्म (छमाही) परीक्षाओं का आयोजन शुरू हो गया है। विज्ञान वर्ग की परीक्षाओं को आठ दिसंबर तक और कला संकाय के छात्र-छात्राओं की परीक्षा दस दिसंबर तक कराने का कार्यक्रम है। परीक्षा में गैर हाजिर हो रहे छात्र-छात्राओं की अलग से तिथि घोषित कर फिर से परीक्षा का आयोजन कराने का प्रावधान दिया गया है।
थ्योरी और प्रयोगात्मक परीक्षा कालेज कराएगा, बाकी विवि स्तर से होगी
प्राचार्य ने बताया कि सौ नंबरों के पेपर में से 25 नंबर की थ्योरी और प्रयोगात्मक परीक्षा कालेज स्तर पर मिड टर्म के आधार पर होगी। बाकी 75 नंबरों का प्रश्नपत्र अबकी बार कार्यक्रम के अनुसार विश्वविद्यालय की ओर से होने वाली वार्षिक परीक्षा के आधार पर संपन्न होगा। छमाही परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कालेज के संबंधित शिक्षकों की ओर से होगा और इन्हीं के द्वारा 20 दिसंबर तक हरहाल में मूल्यांकन के बाद अंकों को विवि पोर्टल पर ही अपलोड कराया जाएगा।