विद्यार्थियों ने किया प्राचार्य कार्यालय के बाहर हंगामा
धामपुर। आरएसएम डिग्री कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कार्यालय में उनके समक्ष हंगामा किया। छात्र-छात्राओं ने मूल्यांकन में फेल करने का आरोप लगाया।
छात्र छात्राओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय स्तर से अधिकांश छात्र छात्राओं को फेल किया गया है। उनकी समस्या का विश्वविद्यालय स्तर से कुलपति से वार्ता कर पुन: मूल्यांकन करा समाधान कराया जाना चाहिए। छात्र छात्राओं के समर्थन में बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता भी उतर आए हैं। इन कार्यकर्ताओं ने भी प्राचार्य से मिलकर समस्या का समाधान कराने को दबाव बनाया। चेताया कि यदि उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ तो वह बरेली जाकर कुलपति का घेराव करेंगे।
बजरंग दल के जिला विद्यार्थी प्रमुख उज्ज्वल रस्तोगी, जिला सह सुरक्षा प्रमुख अतुल सैनी, अजय राजपूत, अर्जुन, ललित, कुनाल, सौरव के नेतृत्व में छात्र छात्राओं ने एकत्र होकर प्राचार्य कक्ष में जमकर हंगामा किया। कहा कि परीक्षकों ने गैर जिम्मेदाराना तरीके से जानबूझकर उत्पीड़न करने के उद्देश्य से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर उन्हें फेल किया। प्रदर्शनकारियों से प्राचार्य डा. रंजन कुमार अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।