संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद/जलालाबाद। सहपाठियों के संग स्कूल जा रहे कक्षा छह के छात्र मयंक की घोड़ा बुग्गी की चपेट में आकर मौत हो गई। जबकि अन्य बालक बाल-बाल बचे। छात्र की मौत पर गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी बुग्गी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव मुख्तियारपुर निवासी अमित कुमार का बेटा मयंक कुमार (13) पूर्व माध्यमिक स्कूल पदारथपुर में कक्षा छह में पढ़ता था। सोमवार की सुबह गांव के ही अन्य बालकों के साथ मयंक स्कूल जाने के लिए घर से निकला। गांव से कुछ दूर ही सुबह 8:30 बजे सामने से आ रही खनन सामग्री से भरी घोड़ा-बुग्गी की चपेट में आ गया। मयंक के सिर में गंभीर चोट लगी।
हादसे में उसके साथी विद्यार्थी बाल-बाल बचे। घायल छात्र को नजीबाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने छात्र मयंक को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीण अस्पताल पर एकत्र हो गए। जिन्होंने हंगामा किया और आरोपी बुग्गी चालक को पकड़ने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और आरोपी बुग्गी चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के दादा मदन पाल सिंह की ओर से पुलिस ने बुग्गी चालक वसीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उधर बुग्गी चालक गांव अलीपुर निवासी वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नजीबाबाद-मयंक कुमार / फाइल फोटो- फोटो : doda news
नजीबाबाद-मयंक कुमार / फाइल फोटो- फोटो : doda news