हल्दौर में एक पशुशाला में आग लगने से दो पशुओं की मौत हो गई, जबकि तीन पशु झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से पशुशाला स्वामी ने आग पर बामुश्किल काबू पाया। आग लगने से पशुशाला स्वामी का करीब दो लाख का नुकसान हो गया।
गांव बाजीदपुर निवासी बलराम सिंह की पशुशाला गांव के बाहर सिसौना मार्ग पर स्थित है। रविवार दोपहर बलराम सिंह पशुशाला से अपने घर पर खाना खाने गए थे। ग्रामीणों ने बलराम को पशुशाला में आग लगने की सूचना दी। बलराम सिंह खाना छोड़ पशुशाला की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने देखा तो छप्परों में भीषण आग लगी हुई थी। ग्रामीणों के ट्यूबवैल की मदद से आग पर बामुश्किल काबू पाया।
लेकिन जब तक आग बुझी तो उनकी पशुशाला में एक गाय व एक भैंसा जलकर मर चुके थे और तीन पशु के बच्चे झुलस गए थे। बलराम सिंह ने बताया कि इसके अलावा उनका अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।