एसपी ने किया सबलगढ़ पुलिस चौकी का उद्घाटन
भागूवाला/नजीबाबाद। एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह ने कृष्णायन गोशाला पुलिस चौकी सबलगढ़ का लोकार्पण किया। एसपी ने खादर क्षेत्र के अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस चौकी स्थापित कराई।
एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह ने एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र, एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह की उपस्थिति में सबलगढ़ पुलिस चौकी का लोकार्पण किया। श्री कृष्णायन गोशाला पुलिस चौकी सबलगढ़ के लिए श्री कृष्णायन देसी गोरक्षा गौशाला सबलगढ़ ने भवन उपलब्ध कराया है। गौशाला के महाराज शंकर दास, महाराज बालक दास, मंडावली थाना अध्यक्ष हिमांशु चौहान की उपस्थिति में एसपी ने मंडावली थाने से करीब पांच किलोमीटर दूर बनी पुलिस चौकी की स्थापना का उद्देश्य सबलगढ़ मंडय्यों, कोटावाली क्षेत्र को सुरक्षा दिलाना और खादर क्षेत्र से होने वाले अपराध पर नियंत्रण करना बताया।
एसपी ने पुलिस चौकी के लिए एक दरोगा और पांच सिपाही तैनात किए हैं। पुलिस चौकी को क्षेत्र के अपराध नियंत्रण के लिए जागरूक रहने के निर्देश दिए। सबलगढ़ पुलिस चौकी के उद्घाटन अवसर पर तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, समाजसेवी राजीव गुप्ता, भाजपा नेता ईशम सिंह, मास्टर रमेश सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।