नजीबाबाद में तालाब की भूमि की पैमाइ करते राजस्व और नगरपालिका कर्मी।
- फोटो : NAZIBABAD
जल्द होगा तालाब का सुंदरीकरण, पार्क का होगा निर्माण
नजीबाबाद। तालाब की भूमि का सीमांकन कर नगरपालिका परिषद तालाब का सुंदरीकरण कराएगी। राजस्व विभाग और नगरपालिका परिषद की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर रामपुर बनवारी स्थित तालाब की भूमि की पैमाइश की।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग और नगरपालिका परिषद की संयुक्त टीम ने मोहल्ला वाहिदनगर स्थित रामपुर बनवारी बीए की तालाब की भूमि की पैमाइश की। नगरपालिका परिषद की लगभग 20 बीघा तालाब की भूमि है। कई वर्षों से भूमि विवाद को लेकर तालाब का सुंदरीकरण और पार्क विकसित करने का नगरपालिका परिषद का सपना अधूरा है। नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन सबिया निशात और ईओ विजयपाल सिंह ने राजस्व विभाग से नगर क्षेत्र में रामपुर बनवारी बीए स्थित तालाब भूमि का सीमांकन कराने की मांग की थी। एसडीएम ने तालाब की पैमाइश के लिए टीम गठित की।
पूर्व चेयरमैन मौअज्जम खां एड., ईओ विजयपाल सिंह, अनिल कुमार, अफजाल अहमद की उपस्थिति में राजस्व विभाग के कानूनगो मुकेश सिंह के नेतृत्व में राजस्व कर्मचारियों ने तालाब की भूमि का चिह्नीकरण किया। लेखपाल गोविंद सिंह, कुंभकरण, सचिन शर्मा की टीम ने रामपुर बनवारी बीए की खसरा नंबर 416 से 419, 420 और 423 तालाब भूमि की पैमाइश की। क्षेत्रीय अधिवक्ता अब्दुल मन्नान द्वारा काफी समय से तालाब भूमि क्षेत्र में अपनी भूमि होने का दावा किया जा रहा है। जिसके चलते तालाब का सुंदरीकरण और पार्क विकसित नहीं हो पा रहा था।
चेयरपर्सन पति एवं पूर्व चेयरमैन मौअज्जम खां ने बताया कि तालाब की भूमि की सीमाएं राजस्व कर्मचारियों द्वारा तय कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों की रिपोर्ट मिलते ही वाहिदनगर में तालाब का सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा।