बिजनौर जनपद के किरतपुर क्षेत्र में भनेड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे पर बाइक सवार दंपती को ट्रक ने कुचल दिया। बताया गया कि दंपती अपने गांव जा रहे थे। वहीं रास्ते में यह हादसा हो गया और दोनों की जान चली गई।
विज्ञापन
बताया गया कि हादसे के बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से पति-पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ईश्वरानंद ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर, दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात में करीब नौ बजे रामपाल (50) पुत्र सर्वजीत अपनी पत्नी रामवती (45) निवासी अकबरपुर चौगावां बाइक द्वारा गांव जा रहे थे। जब वह दोनों भनेड़ा गांव के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों नीचे गिर गए। वहीं दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सीओ नजीबाबाद गजेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।