उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रविवार की दोपहर ग्राम अस्करीपुर में कलयुगी पुत्र ने पिता की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक चेतराम(75) सिंचाई विभाग से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त थे। आरोपी सुधीर उनका इकलौता पुत्र था और वह शराब पीने का आदि था। आए दिन वह शराब पीने के लिए पिता से पैसों की मांग करता था। पैसे न मिलने पर वह उनके साथ मारपीट करता था।
चेतराम सिंह सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने इकलौते पुत्र सुधीर के साथ गांव में रहते थे। सुधीर उनसे शराब के लिए पैसों की मांग करता था और पैसे न मिलने पर वह उनके साथ मारपीट भी करता था।
रविवार को भी उसने शराब के लिए पिता चेतराम से पैसों की मांग की। मना करने पर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बाद में उसने पिता के हाथ पीछे बांधकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। पिता के मरने के बाद घर को ताला लगाकर वह स्योहारा थाने की पुलिस चौकी बुढ़नपुर पहुंच गया और पुलिस को पिता की हत्या करने की जानकारी दी।
स्योहारा पुलिस की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वर्मा और सीओ शुभ सूचित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सुधीर को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के भरीजे शेर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ शुभ सूचित के अनुसार हत्यारोपी सुधीर शराब पीने का आदि है। शराब की लत के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर मायके चली गई। वह पिता के साथ अकेला ही रहता था। पैसे न मिलने पर उसने पिता की हत्या कर दी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।