मंडावली। मंडावली क्षेत्र की किसान सहकारी समिति सिकरौडा पर मंगलवार को खाद लेने अधिक संख्या में किसानों की भीड़ उमड़ी। किसान खाद लेने की होड़ में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते दिखे।
सिकरौडा किसान सहकारी समिति पर मंगलवार को करीब दस दिन बाद खाद की गाड़ी आई थी। सूचना मिलते ही सैकड़ों किसानों की भीड़ समिति पर जमा हो गई। खाद लेने की होड़ में किसान कोरोना संक्रमण और कोविड-19 की गाइडलाइन को भी भूल गए। बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बगैर ही घंटों तक लाइन में लगे रहे।
समिति के सचिव कुलबीर सिंह ने बताया कि किसान खाद लेने के लिए अधिक संख्या में समिति पहुंचे। उनके द्वारा किसानों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लाइन लगाने की बात कही गई, लेकिन किसानों ने एक न सुनी। समझाने के बाद भी किसान कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किए बगैर ही लाइन में खड़े रहे। करीब तीन घंटे बाद किसानों की भीड़ कम हुई।