सरकड़ा गांव में धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप
धामपुर। गांव सरकड़ा चकराजमल में बजरंग दल के कार्यकर्ता धर्म परिवर्तन का प्रयास किए जाने की सूचना पर गांव पहुंचे। वहां संबंधित घर के बाहर जाकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में धक्कामुक्की भी हुई। आरोप है कि गांव में एक घर में वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से आसपास के गांवों के लोगों को एकत्र कर लालच देकर उन्हें धर्म परिवर्तन करने का प्रयास कराया जा रहा था। सूचना पर गांव में पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली।
बजरंग दल के कार्यकर्ता देवेश कुमार राणा ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने पर भगदड़ मच गई। आरोपियों ने उनके साथ धक्कामुक्की भी की। सूचना पुलिस को दी गई। आरोप लगाया कि इस गांव में ऐसा पहले भी हो चुका है। लेकिन वे अब आगे नहीं होने देंगे। आरोप है कि कोरोना काल के मद्देनजर ईसाई मिशनरी के अनुयायी तो अब आ नहीं रहे है। पर वह मोबाइल पर वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से समाज के सीधे भले लोगों को लालच देकर धर्मपरिवर्तन कराने में लगे हैं। उधर गांव के लोगों ने लगे आरोपों को गलत बताया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव में गई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। धर्म परिवर्तन कराने जैसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी पुलिस जांच में लगी है। इस मौके पर बजरंग दल के देवेश कुमार राणा, अनमोल, चीनू, रक्षित, आरएसएस मंडल कार्यवाह हेमंत, प्रीत कुमार, अभिषेक, पंकज, मनु आदि रहे।