नजीबाबाद में झमाझम बारिश से हुए कटान से ध्वस्त हुआ पूर्वी गंगनहर बाईपास मार्ग।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में समीपुर से चिड़ियापुर बाईपास मार्ग बारिश के कारण कट गया। ध्वस्त बाईपास मार्ग में अंडों से भरी एक पिकअप फंस गई। सूचना मिलते ही नजीबाबाद पुलिस ने क्रेन से ध्वस्त बाईपास मार्ग में गिरा वाहन निकाला।
नजीबाबाद क्षेत्र में भारी बारिश से खेतों में भरा पानी ने समीपुर-चिड़ियापुर बाईपास मार्ग को गंगनहर के निकट खोखला कर दिया। रविवार की दोपहर अचानक नहर पटरी मार्ग ध्वस्त हो गया, जिसमें अंडों से भरी एक पिकअप गाड़ी फंस गई। थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ध्वस्त मार्ग में फंसे वाहन को क्रेन से बाहर निकलवाया।
नजीबाबाद में फ्लाईओवर निर्माण के चलते अधिकांश छोटे वाहन समीपुर से निकले नहर पटरी बाईपास मार्ग से हरिद्वार दिशा में आवागमन कर रहे हैं। रपटा मार्ग टूटने से रविवार से बाईपास मार्ग से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप है। लोनिवि और पूर्वी गंगनहर अधिकारियों ने ध्वस्त नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण किया।
लोनिवि के जेई चंद्रशेखर ने बताया कि ध्वस्त मार्ग की मरम्मत की जा रही है। उन्होंने दो-तीन दिन के भीतर बाईपास मार्ग से आवागमन सुचारु कराने का आश्वासन दिया।