नांगलसोती/नजीबाबाद। मामूली बिल बकाया होने के बाद स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो रही है। बिल जमा करने के कई घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो रही है। बिजली ठप होने से ग्रामीणों को रातें अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है।
नांगलसोती, शहजादपुर, जीतपुर, खानपुर के गांवों में उपभोक्ताओं के घरों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए गए थे। स्मार्ट मीटर धारकों के घरों की बिजली आपूर्ति मात्र 150 से 200 रुपये बकाए के चलते गुल हो रही है। स्मार्ट मीटरों से माइनस में बिल आने के बाद ऑटोमेटिक बिजली बंद हो रही है। बुधवार की सुबह नांगल के कई उपभोक्ताओं के घरों की बिजली मात्र 150 से 200 रुपये बकाया के चलते बिजली बंद कर दी गई। जब लोगों ने अपने मोबाइल पर बिजली कटने का मैसेज देखा, तब समझ में आया कि बिजली बिल माइनस में जाने के कारण बंद हुई है। इसके बाद ऐसे उपभोक्ताओं ने बिल जमा कराया। उपभोक्ताओं के खाते में एडवांस धनराशि जमा हो गई, लेकिन घंटों बाद भी उनके घरों की बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी।
उपभोक्ताओं विनय, मुकेश, सुनील, प्रभात का कहना है कि वह बिजली हेल्पलाइन नंबरों पर फोन मिलाते रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों के संपर्क करने के बाद भी उनके घरों की बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उधर, बिजली घर के जेई नूतन प्रकाश ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को अपना बैलेंस बनाकर रखना चाहिए। माइनस में बेलेंस जाने पर बिजली कट सकती है। सिस्टम में कमी के चलते आधे से 24 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो रही है।