बिजनौर के अफजलगढ़ में सिखों ने दसवें गुरु गोविंद सिंह के अपमान के विरोध में पूर्व भाजपा विधायक डॉ. इंद्रदेव सिंह के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व भाजपा विधायक ने राजनीतिक लाभ के लिए उनके धर्म गुरु को पोस्टरों व फ्लैक्सी पर छपवाकर सिख समाज का अपमान किया है। चेताया यदि शीघ्र ही पूर्व विधायक ने क्षेत्र में पोस्टर नहीं हटाए तो विरोध होगा।
सिख समुदाय जसपुर तिराहे पर एकत्र होकर पूर्व भाजपा विधायक डॉ. इंद्रदेव सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि सिख समुदाय पूर्व विधायक को पहले ही हिदायत दे चुका है, लेकिन विधायक ने सिखों के सम्मान के लिए कुछ नहीं किया। अवगत कराने पर क्षेत्र में लगी फ्लैक्सी व बैनर नहीं हटाए गए। सिखों का अपमान करते हुए गुरु गोविंद सिंह का पोस्टर भाजपा के शीघ्र नेताओं के नीचे लगाया है। सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाना उनकी श्रद्धा के साथ खिलवाड़ है। कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर लगे बैनर, पोस्टर पर गंदगी, कीचड़ मारकर अपमान कर सकता है। हिदायत के बाद भी पोस्टर बैनर न हटाने पर जसपुर तिराहे पर लगे बैनर को अपने साथ ले गया।
उन्होंने चेताया यदि पूर्व विधायक क्षेत्र में लगे पोस्टरों को शीघ्र नहीं हटाया तो वह उनके चुनाव का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शनकारियों में कुलविंदर सिंह, चेयरमैन मलकीत सिंह, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, सतनाम सिंह, राजेंद्र सिंह, जगतार सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरदास सिंह, निशान सिंह रहे।
उधर, विधायक इंद्रदेव सिंह का कहना है कि उनका उद्देश्य सिख समुदाय को ठेस पहुंचाना नहीं था। जानकारी होते ही उन्होंने फ्लैक्सी उतरवाने के लिए टीम भेज दी है। उन्होंने कहा कि किसी समाज की भावना आहत हुई है तो उसके लिए क्षमा चाहता हूं। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने हमेशा साथ दिया है। समाज के लोग हर सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि आगे ऐसा नहीं होगा। किसी को शिकायत है तो मुझसे मिलकर दूर कर सकता है।