बिजनौर में जिले की बेटी सिद्धि राठी ने राज्य स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीते हैं। अब सिद्धि बैडमिंटन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। ओलंपिक मेडल विजेता साइना नेहवाल के कोच पुलेला गोपीचंद ने भी सिद्धि की इस उपलब्धि पर उसे फोन पर बधाई दी है।
गांव दरगोपुर नंगली निवासी धीर सिंह की बेटी सिद्धि राठी बैडमिंटन की अनेक प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुकी है। सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी सिद्धि ने शानदार प्रदर्शन किया है। सिद्धि के पिता धीर सिंह के अनुसार प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता गोरखपुर, आगरा व नोएडा में हुई थीं। इन प्रतियोगिताओं में सिद्धि ने शानदार प्रदर्शन किया। गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता में सिद्धि ने दो स्वर्ण व एक रजत पदक, आगरा में आयोजित प्रतियोगिता में एक रजत व एक कांस्य पदक व नोएडा में आयोजित प्रतियोगिता में सिद्धि ने दो रजत पदक जीते हैं। इस प्रतियोगिता के आधार पर यूपी की टीम में सिद्धि राठी सहित आठ खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सिद्धि यूपी के खिलाड़ियों का प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगी। सिद्धि अपनी सफलता का श्रेय परिजनों व कोच मोहम्मद शियादत को देती हैं। सिद्धि साइना नेहवाल की तरह ओलंपिक में पदक जीतकर देश का नाम करना चाहती हैं।