शॉर्ट सर्किट से चलती बस में आग लगी
बिजनौर। बिजनौर से धामपुर जा रही धामपुर डिपो की एक बस में अचानक वायर के शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने आनन-फानन में बस को रोक दिया और यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई। चालक और परिचालक ने यात्रियों की मदद से आग पर काबू पाकर बस में आई तकनीकी खराबी को ठीक किया।
सोमवार को धामपुर डिपो की एक अनुबंधित बस बिजनौर बस स्टेशन से यात्रियों को लेकर धामपुर जा रही थी। यात्रियों के अनुसार जजी और शास्त्री चौक के बीच स्थित एक नर्सिंगहोम के सामने पर पहुंचने पर अचानक बस में शॉर्ट सर्किट होने से बस में अचानक आग लग गई। यात्रियों ने बस से कूद कर अपनी जान बचाई। इस दौरान चालक-परिचालक ने यात्रियों की मदद से आग पर काबू पाया। बस के चालक ने बताया कि अचानक सप्लाई वायर में तकनीकी खराबी आने के कारण शॉर्ट सर्किट हो गया था।