चांदपुर में दुकानें बंद कराईं, आने-जाने पर रोक लगी
चांदपुर। चांदपुर में बढ़ते कोरोना संक्रमित के चलते प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सील किए क्षेत्र में आने वाले सभी मेडिकल स्टोर, किराने की दुकान, दूध की डेयरी आदि सभी दुकानें बंद करा दी है और आने जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। लॉकडाउन तोड़ने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम, सीओ, कोतवाली निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
चांदपुर में कोरोना संक्रमण के बढ़ने से सील क्षेत्र में दी जा रही राहत बंद कर दी है। नगर में कोरोना पॉजिटिव की संख्या छह हो गई है, जिसमें एक कानपुर में आया पॉजिटिव जमाती भी शामिल है। रविवार को प्रशासन ने नगर के सीज क्षेत्र में सभी दुकानों को बंद करा दिया है। मेडिकल स्टोर, किराना की दुकान, दूध दही आदि की दुकानों पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
एसडीएम घनश्याम वर्मा ने कहा कि सीज क्षेत्र में किसी को भी नगर से बाहर जाने या बाहर से किसी को भी अंदर आने जाने की इजाजत नहीं है। यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीओ राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आने वाले, मोहल्ले पड़ोस के संदिग्ध लोगों को स्वयं ही अपनी जांच करानी चाहिए।
रविवार को नहीं दिखी सड़कों पर भीड़
बिजनौर। रविवार को शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस की सख्ती और छुट्टी का दिन होने की वजह से लोग सड़कों पर नहीं आए।
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस पूरी सख्ती बरत रही है। पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अब अफसर भी सड़कों पर उतरकर बेवजह घरों से निकलने वालों की खबर ले रहे हैं। वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। शनिवार को डीएम रमाकांत पांडेय व एसपी संजीव त्यागी ने पुलिस के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला था। सड़क पर बेवजह निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। मुख्य बाजार और सिविल लाइन सुनसान पड़े रहे। प्रमुख चौराहों पर भी इक्का-दुक्का आदमी ही जाता दिखाई दिया। सब्जी व फल मंडी में भी ज्यादा लोग दिखाई नहीं दिए। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा का कहना है कि लॉकडाउन का शहर में सख्ती से पालन कराया जा रहा है। पुलिसकर्मी आसपास के गांवों में भी जाकर लोगों से लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रहे हैं।
लॉकडाउन का नहीं हो रहा पालन, कैसे भागेगा कोरोना
धामपुर। पुलिस की सख्ती के बावजूद नागरिक लॉकडाउन का पालन करने में सहयोग नहीं कर रहे है। अधिकांश लोग साइकिल और बाइकों से सुबह से ही बेमतलब घूमने निकल जाते हैं, जब पुलिस को देखते है तो भाग जाते है। पुलिस की ओर से ज्यादातर सब्जी बेचने वालों पर सख्ती की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोई सब्जी विक्रेता एक ही स्थान पर खड़ा होकर सब्जी या फिर फलों को नहीं बेचेगा। कोतवाल रंजन कुमार शर्मा ने कहा कि यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
नहीं रुक रही व्यापारियों की मनमानी
धामपुर। नागरिकों का कहना है कि व्यापारी ग्राहकों का शोषण कर रहे है। किसी भी होलसेल दुकानों के बाहर प्रशासन की ओर से जारी रेट लिस्ट नहीं गया है। नगर के विजय कुमार, मनोज रस्तोगी, पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि जल्दबाजी में ग्राहक व्यापारियों से यह नहीं जानकारी कर पा रहा है कि किस उत्पाद के क्या रेट है। लोगों ने एसडीएम से दुकानों के बाहर रेट लिस्ट टंगवाने की मांग की है।
चांदपुर में सील क्षेत्र का फोर्स के साथ स्थिति का जायजा लेते एसडीएम व सीओ।- फोटो : BIJNOR