बढ़ापुर में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर हुई बालक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों को समझाते कोत
- फोटो : BIJNOR
बढ़ापुर। दादा के अंतिम संस्कार के कुछ समय बाद ही पोते की घर के पास ही ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर मौत हो गई। इससे गमगीन परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बे के मोहल्ला लालसराय निवासी अब्दुल अजीज की शनिवार को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसका रविवार को परिजन अब्दुल अजीज के शव को दफनाकर कब्रिस्तान से घर वापस लौटे ही थे कि घर के पास बढ़ापुर-कुंजेटा मार्ग पर अब्दुल अजीज का चार वर्षीय पोता कामिल पुत्र कासिम मार्ग से तेज गति से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। सिर व शरीर पर गंभीर चोट लगने पर बालक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों व मोहल्लेवालों ने ट्रैक्टर-ट्राली को वहीं रोक लिया। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाशंकर सक्सेना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर दिया। पिता कासिम की ओर से ग्राम रसूलपुर मुजफ्फरनगर निवासी चालक यामीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दो दिन के भीतर दो मौत हो जाने पर परिवार सदमे में है। वहीं मोहल्ला भजड़ावाला निवासी मोहम्मद नाजिम रविवार की सुबह किसी काम से नगीना जा रहा था कि बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर थाने के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसमें बाइक चालक नाजिम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए बाहर ले गए हैं।