नहटौर। क्षेत्र के ग्राम गोपाल जोत स्थित नवनिर्मित मंदिर में स्थापित शिवलिंग को खंडित करने से शुक्रवार सुबह गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों से जानकारी ली। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात गांव निवासी सुरेश ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग टूटा हुआ पाया गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और आक्रोश व्यक्त किया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एके श्रीवास्तव, सीओ अभय कुमार पांडे तथा प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। गांव निवासी राहुल कुमार पुत्र ऋषिपाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चालान कर दिया है। उधर, ग्रामीणों ने खंडित शिवलिंग को हटाकर नया शिवलिंग स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए कुछ ग्रामीण हरिद्वार से नया शिवलिंग लाने के लिए रवाना हो गए हैं।