शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
बिजनौर। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी की हत्या के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मौलाना अनवारूल हक व मुफ्ती नईम कासमी पर रासुका लगाने की मांग की गई।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ को देते हुए बताया कि कमलेश तिवारी के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उनके परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजे व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की गई। जिला प्रमुख वीर सिंह ने कहा कि जिले के मौलाना अनवारूल हक व मुफ्ती नईम कासमी ने कमलेश तिवारी की गर्दन कलम करने वालों को 51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी जिसके फलस्वरूप उनकी हत्या हुई। युवा सेना जिला प्रमुख विजय मोहन गुप्ता ने दोनों मौलानाओं के खिलाफ रासुका लगाने की मांग की। इस दौरान नगर अध्यक्ष अंतरिक्ष कौशिक, दिनेश मौर्य, शुभम देवल, शिश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, संदीप बिल्ला, मोनू यादव, शुभम तोमर, विकास त्यागी आदि मौजूद रहे।