शेरकोट। मोहल्ला खुराड़ा निवासी 22 वर्षीय नासिर की मुंबई में हत्या कर दी गई। नासिर तीन माह पहले रोजगार के लिए मुंबई गया था और वहां ओला कैब चला रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है।
मोहल्ला खुराड़ा निवासी शहनवाज ने बताया कि उसका छोटा भाई नासिर पुत्र सलामतुल्ला पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह तीन माह पहले मुंबई गया था और ओला कैब चला रहा था। बृहस्पतिवार को उसे टीटवाला से पुणे जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग मिली थी। दोपहर करीब तीन बजे सवारी लेकर पुणे के लिए रवाना हुआ था। मुंबई में रह रहे उसके भाई आमिर ने जब नासिर से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद जीपीएस की मदद से शुक्रवार को उसकी कार पुणे सड़क पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार के अंदर खून के धब्बे, चप्पल भी पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास क्षेत्र में तलाश करने पर शनिवार देर शाम पुणे के पास जुन्नर घाट के निकट झाड़ियों में नासिर का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण परिजनों ने अंतिम संस्कार मुंबई में ही करने का निर्णय लिया है। संवाद