बिजनौर में खाना बनाते वक्त एक युवती के कपड़ों में आग लगने से उसकी झुलस कर मौत हो गई। हादसे से मृतका के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना हीमपुरदीपा के गांव मुबारकपुर निवासी ताजिम अहमद की पुत्र नरगिस (17) मंगलवार की रात अपने घर में स्टोव पर खाना बना रही थी। परिजनों के अनुसार खाना बनाते वक्त नरगिस के कपड़ों में आग लग गई। परिजनों ने आग पर बामुश्किल काबू पाया, लेकिन आग बुझाने तक युवती बुरी तरह झुलस गई। परिजनों ने उसको उपचार के लिए सीएचसी स्याऊ भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसको वहां से बिजनौर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अफजलगढ़ में गांव शाहकोट कंदला में पंचायतघर का बीम डालते समय दो श्रमिक पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के तारों से टच होने से झुलस गए। ग्रामवासियों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। शेरकोट थाने के गांव शाहकोट कंदला निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह और गांव का कृष्णपाल गांव में बन रहे पंचायतघर के निर्माण में मजदूरी कर रहे थे। बीम डालने के दौरान वे पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से टच हो गए। इससे दोनों श्रमिक करंट लगने से जमीन पर जा गिरे। बेहोश होने पर उन्हें गांव के लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टरों ने दोनों की हालत को खतरे में मानते हुए हायर सेेंटर रेफर किया है।