अपराध नियंत्रण के लिए मांगा जन सहयोग
नजीबाबाद। रविवार को थाना परिसर में व्यापारियों की बैठक में थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने व्यापारियों और नागरिकों से चोरी, लूट और अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस का सहयोगी बनने का आह्वान किया। थाना प्रभारी ने व्यापारियों से मुख्य बाजारों और प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने, प्रतिष्ठानों पर आने वाले वाहनों से लगने वाले जाम को रोकने, अपराध प्रवृत्ति वाले संदिग्धों की सूचनाएं देने को कहा। व्यापारियों की ओर से नगर आबादी क्षेत्र में वाहनों के चालान से होने वाली परेशानी के संदर्भ में बताया। थाना प्रभारी ने नगर के मुख्य चौराहों पर वाहनों की चेकिंग न करने का आश्वासन दिया। रोडवेज परिसर के बाहर जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए भी आश्वासन दिया।
कपिल सराफ, राजन टंडन गोल्डी, शिवकुमार माहेश्वरी, विजय वर्मा, हर्षित सराफ, तसनीम सिद्दीकी, नवनीत चतुर्वेदी सहित अनेक व्यापारियों ने बढ़ती चोरियों पर अंकुश लगाने, कारोबारी और जन समस्याओं के प्रति पुलिस का ध्यान दिलाया। पुलिस ने चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। बैठक में कमल बंधू, संजीव अग्रवाल, नरेंद्र शर्मा, अंकित जैन, आयशा सिद्दीकी, सुबोध महेंद्र, मंजू वर्मा, महबूब मलिक, अमनदीप, नईम टाटा मौजूद रहे।