बिजनौर। समीक्षा करने के बाद जिले के 13 भाजपा नेताओं की सुरक्षा में तैनात चल रहे गनर को हटा दिया गया है। जिन्होंने पुलिस लाइन में अपनी आमद करा ली है। वहीं नेताओं की सुरक्षा को लेकर फिर से आकलन कराया जाएगा ताकि जिसे जरूरत है, उसी की सुरक्षा में पुलिस कर्मी तैनात रहे।
एसपी केके विश्नोई ने नेताओं की दी गई सुरक्षा की प्राथमिक जांच के बाद शुक्रवार को 13 नेताओं के गनर वापसी का आदेश दिया। आदेश जारी होते ही गनर पुलिस लाइन में पहुंचे और अपनी आमद दर्ज कराई।
पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह के साथ दो गनर रहते थे, जिनमें से एक को वापस लिया गया है। उधर झालू नगर पंचायत के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह भी गनरविहीन हो गए हैं। लोकेंद्र सिंह ने बताया कि जिस समय चुनाव हुआ था, उमय कस्बे के हालात कुछ और थे और खतरा रहता था। शायद अब बदले हुए हालातों के चलते ही गनर को हटाया गया है।
वहीं तुषार मलिक को भी दी गई सुरक्षा को वापस ले लिया गया हैं। बता दें कि पूर्व सांसद पर हमले के बाद तुषार मलिक चर्चाओं में आए थे। तुषार मलिक की तहरीर पर पूर्व सांसद पर हमले के आरोपी खालिद बंधुओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वर्जन:::
समीक्षा करने के बाद नेताओं की सुरक्षा में लगे 13 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को हटाया गया है। समय-समय पर सुरक्षा की समीक्षा की जाती है। ...केके विश्नोई, एसपी बिजनौर