एसडीएम ने गंगा प्रभावित गौसपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण
नांगलसोती/नजीबाबाद। एसडीएम संगीता ने गौसपुर के गंगा कटान से प्रभावित होने वाले क्षेत्र का दौरा किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को सुरक्षा की दृष्टि से गंगा के उफान के समय स्वयं और पशुओं को गंगा के निकट जाने से रोकने के सलाह दी।
नांगलसोती थाना क्षेत्र के गौसपुर, तय्यबपुर गौरवा क्षेत्र में हर वर्ष गंगा के उफान से सैकड़ों बीघा कृषि भूमि गंगा नदी में समा जाती है। गंगा के कटान का रुख गांव की तरफ होने से प्रशासन चौकन्ना रहता है। बुधवार को नांगलसोती पुलिस की ओर से ग्रामीणों को नोटिस जारी कर गंगा के कटान की संभावना को देखते हुए जन और पशु हानि रोकने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने के नोटिस दिए गए। पुलिस के नोटिस से ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका से भय व्याप्त है।
एसडीएम संगीता ने तहसीलदार राधेश्याम शर्मा के साथ बृहस्पतिवार को गंगा से प्रभावित गौसपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को किसी प्रकार से भयभीत न होने की सलाह दी। उन्होंने ग्रामीणों को गंगा के उफान और कटान की स्थिति में पशुओं को गंगा किनारे न ले जाने की सलाह दी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा के प्रति गंभीर है। एसडीएम ने ग्राम प्रधान मुन्नू सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, विरेंद्र कुमार, अवनीश कुमार, ओमपाल सिंह, मूलचंद, विजय सिंह, विपिन, राम प्रसाद, सतेंद्र शर्मा से गंगा नदी से कृषि भूमि को होने वाली संभावनाओं की जानकारी ली।
--
गौसपुर सहित 20 गांव चिह्नित
नजीबाबाद। एसडीएम संगीता ने बताया कि गंगा, मालन आदि नदियों से प्रभावित होने वाले प्रशासन ने 20 गांव चिह्नित किए हैं। गौसपुर, खैरूल्लापुर, कोटावाली, रामपुर चाठा मध्य जोन में शामिल किए गए हैं। अधिकांश में कृषि भूमि के कटान की संभावना है। गौसपुर सहित किसी भी गांव को अगर नदियों के उफान से कोई खतरे की संभावना होती तो उसके लिए आश्रय स्थल पहुंचाने की व्यवस्था है।
--
प्रशासन ने बनाए आश्रय स्थल
नजीबाबाद। प्रशासन ने नूतन इंटर कालेज तिसोतरा, जनता जूनियर हाईस्कूल भागूवाला, कृषक भारती इंटर कालेज भोजपुर, एमडीएस इंटर कालेज नजीबाबाद को बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आश्रय स्थल बनाया है।
--
ये हैं कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर
नजीबाबाद। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने नदियों के अचानक उफान होने पर कंट्रोल रूम को सूचना देने की सलाह दी है। कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर है 9454449237, 9454446917, 9456282933 ।