आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही कनकपुर कला, कनकपुर खुर्द, जोगीरम्पुरी और किशनपुर आंवला सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डंपर को घेर लिया और सड़क पर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने रायपुर रोड पर ओवरलोड खनन वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने, गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
जाम की सूचना पर नगीना देहात और नजीबाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ नजीबाबाद सुनील कुमार सिंह और थाना प्रभारी अमित कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने डंपर चालकों को निर्धारित मार्ग पर चलने के निर्देश देने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि डंपर चालकों को निर्धारित मार्ग पर ही चलने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।