बिजनौर में सि्थत इंदिरा पार्क का निरीक्षण करतीं डीएम।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर शहर के इंदिरा पार्क के फिर से दिन बहुरने वाले हैं। इंदिरा पार्क में फूलों की खुशबू महकेगी तो सुबह शाम संगीत का लोग आनंद लें सकेंगे। साथ ही बच्चों के लिए खेलने के लिए पार्क पहले की तरह मिलेगा। डीएम ने शनिवार को अफसरों के साथ इंदिरा पार्क का निरीक्षण किया। पहले ही दिन नगर पालिका के 100 कर्मचारी इंदिरा पार्क की सफाई के लिए लगा दिए।
बिजनौर का इंदिरा पार्क लोगों के घूमने के लिए एकमात्र स्थान था। देखभाल नहीं होने की वजह से इंदिरा पार्क की सुंदरता पर ग्रहण लग गया। इंदिरा पार्क में बच्चों के लिए झूलों के साथ वाटर कैनाल, स्केटिंग रिंग के साथ खेलने के कई साधन थे। घड़ियाल व हिरण भी पार्क में रहते थे। सुबह-शाम संगीत भी पार्क में सुनने को मिलता था। इसके लिए अलग से म्यूजिक सिस्टम लगा था। छायादार वृक्ष के नीचे लोग बैठा करते थे।
अब इंदिरा पार्क की हालत इतनी खराब हो गई थी हर ओर वहां झाड़ियां दिखाई देती थी। एक कॉलोनी का पानी भी इंदिरा पार्क में आता था। डीएम वीके चंद्रकला का कुछ लोगों ने ध्यान इंदिरा पार्क की ओर दिलाया। शनिवार की सुबह डीएम अफसरों के साथ इंदिरा पार्क में जा पहुंची। उन्होंने पूरे पार्क का निरीक्षण किया तथा पार्क की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। डीएम ने पार्क में फूलों के पौध लगाने के साथ इंदिरा पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कार्ययोजना बनाने के एसडीएम को निर्देश दिए।
डीएम ने सीडीओ से अपनी निगरानी में इंदिरा पार्क का सुंदरीकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि इंदिरा पार्क ऐसे स्थान पर बना हुआ है, जहां बहुत सारी प्राकृतिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। डीएम के आदेश पर पहले ही दिन 100 नगर पालिका के कर्मचारी इंदिरा पार्क की सफाई में शाम तक जुटे रहे। एसडीएम अजय तिवारी मौजूद थे।