बिजनौर। जिले में लगातार दवाइयों के नमूने जांच में फेेल आ रहे हैं। अब फिर एक दवाई का नमूना जांच में मानकों पर खरा नहीं उतरा। रैबकस डीएसआर कैप्सूल का नमूना जांच में फेल आया है। अब दवा विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है।
जिले में इस साल अब तक पांच दवाइयों के नमूने जांच में फेल और नकली पाए गए हैं। औषधि निरीक्षक ने कासमपुरगढ़ी के अदनान मेडिकल स्टोर से रैबकस डीएसआर कैप्सूल का नमूना एकत्र किया था। यह कैप्सूल फार्गो फार्मास्यूटिकल्स कंपनी बद्दी ने बनाया था। कैप्सूल रिबेप्राजोल सोडियम और डोम्पेरिडोन के साल्ट से मिलकर बना है। जांच के दौरान कैप्सूल में साल्ट पर्याप्त नहीं मिला। मानक के अनुरूप साल्ट नहीं मिलने पर रैबकस डीएसआर कैप्सूल जांच में फेल आया है। औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने बताया कि लगातार दवाइयों के नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जो दवाइयों के नमूने जांच में फेल आ रहे हैं, उन दवा विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।