बिजनौर। जिलेभर में अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर योग शिविर लगाए गए। नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी अमर उजाला, जिला प्रशासन और क्रीड़ा भारती की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें तीन हजार से ज्यादा लोग योग करने के लिए इकट्ठा हुए। शिविर का शुभारंभ कमिश्नर आंजनेय कुमार, डीएम उमेश मिश्रा और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वहां मौजूद सभी साधकों को योगासन, प्राणायाम कराकर उनके लाभ भी बताए गए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह पांच बजे से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। योग शिविर में तीन साल के बच्चों से लेकर 60 साल के बुजुर्ग तक योग शिविर में शामिल हुए। मंगलवार को सुबह समय नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में तिरंगे के रंग में रंगा हुआ था। साधकों ने केसरिया, सफेद और हरे रंग की टीशर्ट पहन योग किया। योग करते समय सभी के चेहरों पर मुस्कान छायी हुई थी। स्टेडियम में योग करने वालों की संख्या तीन हजार से अधिक पहुंच गई। योग शिविर में मुख्य अतिथि कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह, डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ केपी सिंह, एसडीएम प्रशासन विनय कुमार, एसडीएम सदर मोहित कुमार, डीआईओएस राजेश कुमार, बीएसए जय करन यादव, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी प्रमोद कुमार, डीएचओ जितेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, पूर्व सांसद बिजनौर राजा भारतेंद्र मौजूद रहे। साथ ही क्रीड़ा भारती के जैनेंद्र सिंह, डॉ. राघव मेहरा, अरविंद अहलावत, दीपक चौहान, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह योगी आदि उपस्थित रहे।
सात लोगों ने मंच व तख्त पर किया योग का प्रदर्शन
स्टेडियम के प्रशांत महर्षि के संचालन में हजारों योग साधकों को योग किया। वहीं सात लोगों ने मुख्य मंच व तख्त पर योग का प्रदर्शन किया। जिसमें विनोद गोस्वामी, भारती गौड़, ओपी राणा, सुनिल राजपूत, योगिनी हिमानी त्यागी, डॉ. नरेंद्र व दीपक चौहान ने मंच व तख्त पर योग का सही तरीके से प्रदर्शन किया। जिसके चलते सभी ने योग साधकों ने उनके अनुसार ही योग किया।
शिविर में कराए गए ये योग
योग शिविर का आरंभ शिथलीकरण अभ्यास से किया गया। इसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, वक्रासन, मकरासन, सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, कपालभाती, नाड़ीशोधन आदि योग कराए गए। नेहरू स्टेडियम में उपस्थित सभी योग साधकों ने सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े सात बजे तक योग किया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने किया योग
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन साल के बच्चों से लेकर 60 साल तक बुजुर्गों तक ने योग किया। योग शिविर में बच्चों ने सभी योगासनों को किया। योग करते समय सभी के चेहरों पर मुस्कान थी। वहीं बुजुर्गों ने भी पूरे एक घंटे तक योग किया।