बिजनौर में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शनिवार को जिले की 174 शराब की दुकानों पर अफसरों का चाबुक चल गया है। आबकारी विभाग की टीम ने जिले में 174 दुकानें, चार बार व चार मॉडल शॉप को बंद करा दिया है।
73 दुकानों के मालिकों ने दुकान शिफ्ट करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ये दुकानें अब पूरी तरह बंद रहेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि हाईवे से 500 मीटर की दूरी पर शराब, बीयर की दुकानें होनी चाहिए। एक अप्रैल तक हाईवे की सभी दुकानें हटा दी जाएं। उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। सुप्रीम कोर्ट का निर्देश मिलते ही आबकारी विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम हाईवे पर स्थित शराब, बीयर की दुकानों को बंद कराने में जुट गईं। जिले में अंग्रेजी शराब, देशी शराब व बीयर की 348 दुकान हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 174 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विभाग के अफसरों के मुताबिक 73 कारोबारियों ने अपनी दुकानें खोलने से हाथ खड़े कर दिए हैं। इन कारोबारियों का कहना है कि वे अपनी दुकान दूसरी जगह शिफ्ट नहीं कर सकते हैं। बाकी बची दुकानों को हाईवे से 500 मीटर की दूरी पर शिफ्ट किया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी जनार्दन यादव के मुताबिक इनके अलावा बिजनौर के सिविल लाइन में स्थित क्वालिटी बार, धामपुर के तड़का बार, नजीबाबाद के साकी व वालिया बार पर भी गाज गिर गई है। इन्हें भी बंद कर दिया गया है। बिजनौर में शास्त्री चौक से आगे स्थित मॉडल शॉप के अलावा धामपुर, नगीना व चांदपुर की मॉडल शॉप को भी बंद कर दिया गया है। दिनभर विभाग की टीम इस कार्रवाई में जुटी रही। कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का जो उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, धामपुर में हाईवे किनारे चल रही शराब की दुकानें बंद होने के बाद पुलिस ने चार शराब माफिया को खेतों में अंग्रेजी शराब बेचते हुए पकड़ लिया। इनके कब्जे से चार पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं। शराब कारोबारियों ने शनिवार को दुकानें खोलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद करा दिया। इसके बाद धामपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खेतों में अंग्रेजी शराब बेचने में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इससे शराब माफिया में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शराब कब्जे में लेकर चारों आरोपियों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
वहीं अफजलगढ़ में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते अफजलगढ, भूतपुरी में शनिवार को शराब की दुकानें बंद रहीं। उधर, नगीना में नगीना में राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित देशी व अंग्रेजी शराब की दुकाने बंद रहने से शराब के शौकीनों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। अप्रैल माह के प्रथम दिन नगीना राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब की दुकान का ठेका बंद होने पर शहर से बाहर स्थित एक स्थान पर शराब की बिक्री हुई। मॉडल शॉप से खरीदारी करने वालें शौकीनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं चांदपुर में गांव स्याऊ में चोरी-छिपे शराब बेच रहे माफिया के लोगों को महिलाओं ने भगा दिया। कारोबारी चोरी-छिपे गाड़ी में शराब की पेटी लेकर गांव में छाछरी रोड पर बेच रहे थे। महिलाओं को इसकी भनक लग गई। इस पर महिलाएं लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गईं। महिलाओं को देख शराब बेचने वाले भाग खड़े हुए। इनमें रेखा, मुन्नी, बाला, उर्मिला, राजो, मुन्नी, मीनू, रामो देवी आदि रहीं।