500 रुपये क्विंटल मांगा गन्ना मूल्य
चांदपुर। भाकियू लोकशक्ति कार्यकर्ताओं ने तहसील पर पंचायत कर किसान समस्याओं के समाधान के लिए तहसीलदार को ज्ञापन दिया। गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई। कार्यकर्ता चार अक्टूबर को कलक्ट्रेट में आंदोलन करेंगे।
बृहस्पतिवार को भाकियू लोकशक्ति कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। तहसील परिसर में ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह काकरान की अध्यक्षता व तहसील अध्यक्ष मंगल सिंह के संचालन में आयोजित पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने किसान समस्याओं के समाधान के लिए तहसीलदार सुनील कुमार को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, तीनों काले कृषि कानून रद्द करने, एमएसपी पर लंबित गारंटी कानून बनाने, 60 वर्ष के अधिक उम्र वाले किसानों व मजदूरों को दस हजार रुपये मासिक पेंशन दिए जाने, आवारा पशुओं के लिए गोशाला का प्रबंध करने, प्रधानमंत्री किसान निधि योजना का लाभ सभी किसानों को दिलवाने की मांग की। पंचायत में किसान समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर चार अक्तूबर को कलक्ट्रेट में योजना वध तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। पंचायत में नितिन कुमार, सत्यवीर सिंह, कामेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, दिनेश पाल सिंह, काले कुमार शर्मा, ओमकार सिंह, दयाराम सिंह आदि मौजूद रहे।