सहकारी समिति फीना के पूर्व सचिव पर रिपोर्ट दर्ज
नूरपुर। किसान सेवा सहकारी समिति फीना के पूर्व सचिव लक्ष्य कुमार पर दस्तावेजों में हेराफेरी कर 1.41 करोड़ रुपये का गबन के मामले में सभापति की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि यह रकम वित्तीय वर्ष 2017-18 और 2018-19 में निकाली गई। मामला प्रकाश में आने के बाद पूर्व सचिव ने करीब 38 लाख रुपये समिति में जमा करा दिए थे।
ग्राम फीना निवासी लक्ष्य कुमार वर्ष 2013 से किसान सेवा सहकारी समिति में सचिव रहे। वह वर्ष 2019 में समिति से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद भुवनेश कुमार ने समिति के सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। भुवनेश कुमार ने जब समिति के रिकार्ड का अवलोकन किया तो रिकार्ड में भारी अनियमितता मिलीं। भुवनेश कुमार ने अप्रैल 2020 में मामले से सभापति और संचालक मंडल को अवगत कराया। उन्होंने सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता को शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की। जांच हुई तो समिति में बड़ा घोटाला सामने आया।
जून 2020 में समिति के ऑडिट में पता लगा कि पूर्व सचिव लक्ष्य कुमार ने वित्तीय वर्ष 2017-18 में 81 लाख और 2018-19 में 60 लाख रुपये कुल 1.41 करोड़ रुपये दस्तावेजों में हेराफेरी कर गबन किया है। लक्ष्य कुमार को जब अपने विरुद्ध जांच शुरू होने का पता लगा तो उसने 38.61 लाख रुपये समिति के खाते में जमा करा दिए।
इस मामले में सभापति संध्या रानी ने एसपी और डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। एसपी के आदेश पर शिवाला कलां पुलिस ने लक्ष्य कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजीव चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।