बिजनौर में तहसील से बाइक ऑफ बिजनौर का साइकिल चलाकर शुभारंभ करते डीएम व एसपी।
- फोटो : BIJNOR
पहले महीने नहीं लिया जाएगा किराया
बिजनौर। स्थानीय मजदूूूूरों व जनसामान्य को सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बाइक्स ऑफ बिजनौर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर दस-दस साइकिल किराए के लिए रखी गई हैं। पहले महीने किसी से भी साइकिल का कोई किराया नहीं लिया जाएगा। अभियान का शुभारंभ डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी डा.धर्मवीर सिंह, सीडीओ केपी सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह ने किया। अफसर खुद भी साइकिल चलाकर कलक्ट्रेट पहुंचे।
डीएम ने संयुक्त निदेशक विक्रमादित्य सिंह को निष्प्रयोज्य साइकिल की मरम्मत कराकर उन्हें आमजन की सेवा और सुविधा के लिए तैयार कराने पर बधाई दी। कहा कि यह पूरे प्रदेश में अनोखी पहल है। सभी एसडीएम को इस पर काम करने को कहा। जनता से आह्वान किया कि स्वास्थ्य वृद्धि, पर्यावरण सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण के लिए स्थानीय आवागमन के लिए साइकिल का प्रयोग करें। बताया कि कोरोना काल में साइकिल छोड़कर गए प्रवासी मजदूरों की निष्प्रयोज्य साइकिलों को ठीक कराकर आम जनता को न्यूनतम किराये पर दी जाएंगी। बताया कि 20 मजदूर अपनी साइकिल ले भी जा चुके हैं और बाकी को मुआवजा अदा किया गया है। अगर कोई प्रवासी मजदूर अपनी साइकिल होने का दावा करता है तो उसे साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
संयुक्त मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि योजना का उद्देश्य मजदूर, गरीब और जनसामान्य को शहरी क्षेत्र में आवागमन की सस्ती सेवा उपलब्ध कराना है। शहर के दस मुख्य स्थानों व चौराहों पर दस-दस साइकिल खड़ी की गई हैं। स्थानीय दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं को स्टैंड मैनेजर बनाया गया है। वे अपने कार्य के साथ-साथ साइकिल संचालन व्यवस्था का कार्य भी देखेंगे। साइकिल आधार कार्ड अथवा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर ली जा सकती है। बताया कि पहले महीने किसी से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। औद्योगिक व व्यापारिक संस्थाओं द्वारा अभियान के लिए 75 हजार रुपये का चेक डीएम को दिया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, डीएफओ डा.एम सेम्मारन, सीएमओ डा.विजय यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट परमानंद झा, डीसीओ यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।