उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी होगा टीकाकरण
बिजनौर। जिले में अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। सप्ताह के तीन दिन दो और तीन दिन 71 सरकारी अस्पतालों में कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक जिले में जिला अस्पताल एवं महिला चिकित्सालय इन दो स्थानों पर सप्ताह में छह कार्य दिवसों में कोविड का टीकाकरण किया जा रहा था। सोमवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण किया जाता था। अब इनके साथ उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी शामिल कर लिया गया है। इनकी संख्या 69 है। इस प्रकार जिले में अब सोमवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को इन पर व जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय को मिलाकर 71 स्थानों पर टीकाकरण होगा। शेष शेष कार्य दिवसों में जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय यानी दो सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण होगा। जिला अस्पताल के लिए प्रति सत्र 400, पीएचसी-सीएचसी के लिए 300 तथा एडीशनल पीएचसी के लिए 200 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता लाभार्थियों को प्रेरित कर नजदीकी अस्पताल तक बुलाकर लाएंगी।