बिजनौर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंता कस दिया है। दरअसल बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले 7170 वाहनों के पंजीकरण निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, 185 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी यातायात पुलिस की ओर से की गई है।
यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि लगातार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे वाहन चालक जो पांच या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर चुके हैं, उनके 7170 वाहनों के रजिस्ट्रेशन निलंबन के लिए सूची एआरटीओ कार्यालय भेज दी गई है। इसके अलावा 185 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए रिपोर्ट भी भेजी गई है। इनमें तीन या उससे अधिक बार चालान होने वाले 74 चालक शामिल हैं।
वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंक एंड ड्राइविंग) के 85 मामलों में भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। सड़क दुर्घटना करने वाले 19 चालकों के खिलाफ भी रिपोर्ट भेजी गई है, जिनमें 10 चालक बिजनौर और नौ अन्य जनपदों के हैं। इसके अतिरिक्त सात अन्य गंभीर मामलों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।