बिजनौर में यूपी बोर्ड 2017 की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा कराने के लिए 155 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 93,637 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विगत वर्ष के परीक्षा केंद्रों से नौ परीक्षा केंद्रों को हटा दिया गया है। इस बार परीक्षा में विगत वर्ष से 6,465 परीक्षार्थी कम बैठेंगे।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम जगतराज त्रिपाठी ने यूपी बोर्ड परीक्षा तैयारी के लिए जनपदीय समिति की बैठक ली तथा परीक्षा कराने के लिए परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दिया गया। यूपी बोर्ड की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की वर्ष 2016 में हुई परीक्षा में जिले में 1,00102 परीक्षार्थी बैठे थे। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे के मुताबिक इस बार परीक्षा में 93,637 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जो विगत वर्ष की परीक्षा से 6,465 परीक्षार्थी कम हैं। केंद्र निर्धारण समिति द्वारा जिले में नौ परीक्षा केंद्रों को कम कर दिया गया है। डीआईओएस ने बताया कि यदि अब भी किसी कॉलेज को कोई आपत्ति या दावा करना है तो वह 18 नवंबर तक डीआईओएस कार्यालय में कर सकते हैं। इस संबंध में परीक्षा केंद्रों की सूची डीआईओएस कार्यालय के सूचना पट पर भी चस्पा कर दी गई है।