फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लाल निशान बना अतिक्रमण की पहचान

Mon, 25 Jan 2016 12:03 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर में पालिका क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। क्षेत्र में तीन चरण में अतिक्रमण हटेगा। पालिका ने सड़कों पर अतिक्रमण कर बनाए दुकानों समेत अन्य भवनों पर लाल निशान लगा दिया। इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है।
विज्ञापन



एसडीएम अजय तिवारी और ईओ जेके आनंद ने शुक्रवार को अतिक्रमण की वीडियो भी बनाई। रविवार सुबह मुख्य बाजार और सिविल लाइंस में जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो उनकी दुकानों की दीवार या शटर पर लाल पेंट से निशान लगा था। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने एक दूसरे से पूछताछ की तो पता चला निशान अतिक्रमण वाले स्थानों पर पालिका ने लगवाए।


एसडीएम अजय तिवारी के मुताबिक अतिक्रमण करने वालों को चिंहित कर सूचना दी जा रही है। जल्दी ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। ईओ जेके आनंद के मुताबिक रविवार की रात में स्कूल रोड और बुल्ला-जॉनी का चौराहा क्षेत्र में अतिक्रमण वाले प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाए जाएंगे। व्यापारी नेता मनोज कुच्छल के मुताबिक अतिक्रमण हटवाने के अभियान में व्यापारी प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
विज्ञापन



अतिक्रमण रोकने के लिए किया मंथन
नगीना में नगर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में एसडीएम सभागार में तहसीलदार परमानंद झा और सीओ गमलेश्वर बिल्टोरिया की मौजूदगी में हुई अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के संदर्भ में व्यापारियों के साथ समस्याओं के संदर्भ में एसडीएम ने जानकारी ली।

 व्यापारियों ने नगर में ई-रिक्शा के बढ़ने और नाबालिगों द्वारा किए जा रहे संचालन पर रोक लगाने,मुख्य मार्ग पर ठेले न खड़े करने, गांधी मूर्ति के पास वाहनों को खड़ा न करने, मुहल्ला पहाड़ी दरवाजा चौक पर बढ़ते अतिक्रमण हटवाने ,जौहर गेट और डबल फाटक के पास खड़े ठेलों को हटवाने , जीपों का संचालन फाटक के दूसरी ओर से कराने, नगर में नगरपालिका द्वारा कूड़े उठाने वाली ट्रैक्टर ट्रालियों का समय सुबह शीघ्र करने आदि की मांग उठाई।
  

एसडीएम ने कहा शहर में मनादी कराकर बताए यदि 26 जनवरी तक स्वयं कारोबारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन स्तर पर कार्रवाई होगी। इसमें पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान, जमशेद, इंजीनियर मनोज कुमार आदि रहे।

अतिक्रमण नहीं हटाए तो होगी कार्रवाई
नजीबाबाद में नगरपालिका परिषद ने नगर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 200 से अधिक अतिक्रमण चिह्नित किए हैं। मुख्य बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर चलाए गए अभियान में कारोबारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। ईओ विनोद कुमार, जेई उमेश के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद से स्टेशन तक स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाए गए। व्यापारी प्रतिष्ठानों के सामने नाली के बाहर तक डाले गए सीमेंट और लोहे के स्लैब आदि को अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया गया।

कृष्णा टाकीज से रेलवे स्टेशन तक नए प्रतिष्ठानों के बाहर एक से डेढ़ फीट ऊंचे स्लैब सड़क के दोनों साइड डाले जाने पर स्लैब चिह्नित किए तथा संबंधित कारोबारियों को तीन दिन भीतर अतिक्रमण हटा लेने के निर्देश दिए। ईओ ने कारोबारियों को स्पष्ट किया कि यदि नगरपालिका टीम अभियान के दौरान चिह्नित किए गए अतिक्रमण हटाती है तो संबंधित कारोबारी को जुर्माना देना होगा तथा साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

अतिक्रमण पर डीएम का चाबुक
बिजनौर में जिले में अतिक्रमण पर डीएम का अब चाबुक चलेगा। नालों व नाली तक कोई भी अतिक्रमण नहीं कर सकेगा। इसके लिए अफसरों की टीम ने कमर कस ली है। जहां अतिक्रमण होगा उसे ध्वस्त किया जाएगा। एक माह में डीएम ने पूरे जिले को अतिक्रमण से निजात दिलाने का लक्ष्य रखा है।


बिजनौर जिले में अतिक्रमण नासूर बन गया है। सरकारी नाले व नालियों तक लोगों ने कब्जे कर रखे हैं। बाजारों में आलम यह है कि नाले व नालियों पर कब्जे करने के बाद भी उससे आगे व्यापारी अपने कब्जे जमाए हुए हैं। बिजनौर में सब्जी मंडी का तो और भी बुरा हाल है। यहां तो पैदल निकलना भी दूभर है।

दुकानदार सड़कों पर ही दुकान सजाए बैठे हैं। अतिक्रमण की वजह से जगह -जगह जाम के हालात है। गली मोहल्ले तक लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण को कई बार हटाने की मांग तो की गई पर इसे हटाया नहीं गया। किसी भी अफसर ने अतिक्रमण को हटाने की हिम्मत नहीं जुटाई। डीएम वीके आनंद की नजर अब जिले के अतिक्रमण पर पड़ी तो उन्होंने अतिक्रमण का सफाया करने का बीड़ा उठाया है।

 डीएम ने अफसरों को इस बारे में कड़े निर्देश दिए हैं। कहा है कि अतिक्रमण हर हाल में हटेगा। इसके बाद से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची हुई है। डीएम ने अतिक्रमण हटाने के लिए बाजारों में निशान लगवा दिए हैं। डीएम वीके आनंद के मुताबिक एक माह के अंदर जिले से अतिक्रमण साफ कर दिया जाएगा।

किसी को भी अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। जो अतिक्रमण नहीं हटाएगा उसका अतिक्रमण करने वाला भवन ध्वस्त कर दिया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के चालान किए जाएंगे। किसी सूरत में भी अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें