संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। चांदपुर स्पोर्ट्स सोसाइटी के तत्वावधान में चल रहे विवेक कप नाॅर्थ जॉन हॉकी टूर्नामेंट का रविवार को समापन हो गया। फाइनल मैच काशीपुर और रामपुर के बीच हुआ। इसमें रामपुर ने 2-0 से जीतकर ट्राफी हासिल की।
अज़ान ग्रुप दिल्ली और विवेक विश्व विद्यालय बिजनौर के सहयोग से यह टूर्नामेंट आयोजित हुआ। सोसाइटी सचिव अफजल फारुखी ने बताया कि टूर्नामेंट के आखिरी दिन अंडर-14, सीनियर (50 साल से ऊपर) वर्ग एवं पुरुष वर्ग के फाइनल मैच खेले गए।
पुरुष वर्ग का फाइनल मैच रामपुर हाॅस्टल और काशीपुर के बीच हुआ। रामपुर ने काशीपुर को 2-0 से हराया। रामपुर हाॅस्टल टीम के कप्तान प्रयांशु ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया।
अंडर-14 मेरठ एवं मुरादाबाद के बीच फाइनल खेला गया। इसमें मेरठ ने 3-1 से जीत दर्ज की। सीनियर वर्ग में चांदपुर ने चंदौसी को 5-1 से हराया। चांदपुर की ओर से गजेंद्र ने 2, नदीम जकी ने 2 और मोहम्मद अतहर ने एक गोल किया।
विजेता टीमों को अजान ग्रुप के स्वामी मोहम्मद अतहर, विवेक काॅलेज के एमएडी विवेक गोयल, गोविंद मित्तल, अरविंद मित्तल, कमलेश कुमार चादव, रविन्द्र शर्मा एवं चांदपुर सोसाइटी के सदस्यों ने ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। संचालन इरफान मिर्जा ने किया।
इस दौरान राहुल बंसल, रऊफ अहमद, अफलज फारूकी, नदीम जकी, नफीस अहमद, गजेंद्र कुमार, कोशिक चंद्रा, शैलेंद्र सिंह लोहिया आदि का सहयोग रहा।