रामगंगा बांध का जलस्तर 356.800 मीटर हुआ
कालागढ़। मौसम के मिजाज के चलते कालागढ़ व बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश जारी है। बारिश के चलते रामगंगा बांध के जलस्तर में एक बार फिर से वृद्धि होने लगी है। बांध का जलस्तर 356.800 मीटर तक पहुंच गया है।
शनिवार को कालागढ़ में दोपहर चार बजे तक 32.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं रामगंगा बांध के जलस्तर में फिर से उछाल आ रहा है। बांध के सहायक अभियंता एमडी जोशी ने बताया कि शनिवार को बांध का जलस्तर सांय चार बजे 356.800 मीटर रिकार्ड किया गया। 15 सितंबर तक बांध में 358 मीटर ही पानी संग्रह किया जा सकता है। उसके बाद बारिश होने पर पानी की निकासी बांध से किए जाने का प्राविधान है। 15 सितंबर से 30 सितंबर तक जलस्तर को 360 मीटर तक ले जाया जा सकता है। फिलहाल बांध के जलाशय का जलस्तर तेजी से एक बार फिर से बढ़ने लगा है। संवाद