बारिश बनी मुसीबत, सब्जियों को होगा नुकसान
बिजनौर। बरसात की तरह हो रही बारिश अब किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। शनिवार रात से हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया। रविवार को भी बारिश हुई। बारिश से रविवार को किसान बिल्कुल भी खेतों में नहीं जा सके। सभी चीनी मिलें भी नो केन में बंद रहीं। बारिश से आम जनता को भी परेशानी उठानी पड़ी। रविवार को 21.6 एमएम बारिश हुई। जिले में दो दिनों में 71.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
शनिवार को पूरा दिन बारिश होती रही और खेतों में पानी भर गए। शनिवार देर शाम मौसम पूरी तरह खुल गया था और तारे भी निकल आए थे, लेकिन शनिवार रात फिर से झमाझम बारिश हुई। बारिश से पहले से नमी से भरपूर पड़े खेतों में पानी भर गया। यहां तक कि बांगर के खेत भी पानी से जलमग्न हो गए। किसान रविवार को खेतों से चारा भी नहीं ला पाए। बारिश की वजह से किसानों के सामने कई दिन की समस्या खड़ी हो गई है। खादर में अब कई दिन के लिए गन्ने की छिलाई बंद हो गई है। अब बारिश सब्जी की सभी फसलों के लिए नुकसानदायक बताई जा रही है। रविवार को पूरा दिन हलके बादल छाए रहे और हवा के तेज झोंके चलते रहे। हवा के झोंकों की वजह से मौसम में ठंडक घुली रही। शाम चार बजे फिर से बारिश हुई। रविवार को 21.6 एमएम बारिश हुई।
नो केन में बंद रहीं चीनी मिलें
बारिश से चीनी मिलों की भी मुसीबत बढ़ गई है। जिले की सभी नौ चीनी मिल शनिवार को नो केन में बंद रहीं। क्रय केंद्रों से मिलों में थोड़ा गन्ना मंगवाया गया। अगर मौसम और खराब रहता है तो मिलों के सामने समस्या बढ़ जाएगी।
अभी भी बारिश के आसार
नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार अभी बारिश होने के आसार बने हुए हैं। बारिश से सर्दी भी बढ़ेगी।
सब्जियों को होगा नुकसान
जिला कृषि अधिकारी डॉ.अवधेश मिश्र के अनुसार ज्यादा बारिश से सब्जी की फसलों को नुकसान होगा। गेहूं, गन्ने और सरसों को बारिश से नुकसान नहीं है।