धामपुर में शुगर मिल के गेट नंबर 456 पर गिरे गन्ने को लोडर से हटवाते आरपीएफ के जवान।
- फोटो : DHAMPUR
धामपुर। गन्ने से लदा ट्रिपलर पलटने से रेलवे फाटक का स्टैंड टूट गया। रेलवे लाइन पर गन्ना बिखर गया। बड़ी मशक्कत के बाद लोडर से गन्ने को रेलवे फाटक से हटाया गया। इससे पैसेंजर ट्रेन को दस मिनट के लिए रोकना पड़ा। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रिपलर को कब्जे में ले लिया है जबकि आरोपी चालक फरार हो गया।
गांव पाड़ली बसेड़ा निवासी हेमराज पुत्र गजराज बुधवार की दोपहर बाद ट्रैक्टर ट्रिपलर में गन्ना लादकर मिल में सप्लाई करने के लिए जा रहा था। रेलवे फाटक नंबर 456 पर पहुंचकर ट्रिपलर अचानक पलट गया। ट्रिपलर से गन्ना गिरने से फाटक का स्टैंड भी टूट गया। फाटक पर गन्ने का ढेर लग गया। आनन फानन में पहुंची आरपीएफ ने लोडर से रेलवे ट्रैक पर पड़े गन्ने को हटवाया। ट्रिपलर पलटने की घटना से पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय से दस मिनट देरी से रवाना हुई। आरपीएफ प्रभारी विकल चौधरी का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रिपलर को कब्जे में ले लिया गया। ट्रैक्टर चालक फरार है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।