आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड में दबिश
बिजनौर। कोटेदार देवेंद्र की हत्या के आरोपियों की तलाश को उत्तराखंड समेत पड़ोसी जिलों में दबिश दी गई। पुलिस की दो टीम हरिद्वार-देहरादून और एक टीम मुजफ्फरनगर में डेरा डाले हुए हैं। वहीं आरोपियों के रिश्तेदार भी पुलिस की रडार पर हैं, जिन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बृहस्पतिवार को देवेंद्र की हत्या में फरार चल रहे तीनों हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दिनभर माथापच्ची करती रही। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी नवनीत का मोबाइल कुछ देर के लिए ऑन हुआ, जिस पर सर्विलांस ने उसकी लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस कर ली। लोकेशन मिलने पर आननफानन पुलिस की दो टीम उत्तराखंड के लिए रवाना की गई। वहीं एक टीम को आरोपियों की रिश्तेदारी में मुजफ्फरनगर में भेजा गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिल पाया।
गांव स्वाहेड़ी में सोमवार को रंजिश और महड़ा को लेकर राशन डीलर देवेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं आरोपियों ने देवेंद्र के बेटे मोहित और अतुल इस संघर्ष में घायल कर दिया, जिनका उपचार चल रहा है। मृतक के भाई हिरेंद्र की ओर से रामबहादुर, पिंकू,विपुल, नवनीत और अहसास के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस विपुल और पिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि पूर्व ग्राम प्रधान रामबहादुर, उसका बेटा नवनीत और पोता अहसास फरार चल रहे हैं। जिन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने उत्तराखंड समेत कई स्थानों पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गांव में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए भी इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।