पुखराज की हत्या कर मौके से फरार होने वाले हत्यारोपियों में शामिल मुख्य आरोपी सेना में तैनात है। घटना को अंजाम देने के बाद दिल्ली पहुंचा तथा अपने दफ्तर उपस्थित होकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली। एसएचओ धामपुर किशन अवतार ने बताया कि आरोपी के हेडक्वार्टर को घटना से अवगत करा दिया गया है तथा गिरफ्तारी आदेश लिए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पुखराज ने अंजलि के पति व ससुर समेत कई लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें उन्हें जमानत मिल गई थी।जबकि अंजलि का पति प्रदीप कुमार और ससुर जेल में बंद है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धामपुर धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि घटना में नामजद आरोपी जयदीप चौहान दिल्ली में आर्मी में जवान है। परिजनाें के बताने पर पुलिस की जयदीप को गिरफ्तार करने को दिल्ली गई है।
भाजपा के दो बार पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे मृतक पुखराज
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पुखराज सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साल 2012 में पूर्व खंड कार्यवाहक और साल 2013- 2016 तक भटियाना खुशहालपुर मंडल के भाजपा के दो बार पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके थे। वर्तमान में भाकियू भानू गुट के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
भाकियू भानु गुट के महामंत्री बोले, पद पर नहीं थे पुखराज
भाकियू (भानु गुट) के पूर्व तहसील महामंत्री हरिराज सिंह जाट ने बताया कि पुखराज सिंह भाकियू के किसी पद पर नियुक्त नहीं थे। न ही विधिवत सदस्य थे। वह बुलाने पर ही दो-तीन बैठकों में धामपुर आए थे। उसके बाद आना छोड़ दिया था।
आरोपियों ने पहले स्नान किया, कोल्ड ड्रिंक पी, फिर दिया घटना को अंजाम
मृतक पुखराज की पुत्री अंजलि के अनुसार आरोपियों ने घटना से पहले गांव के स्विमिंग पूल में स्नान किया। कोल्ड ड्रिंक पी और पुखराज के आने का इंतजार करने लगे। अंजलि ने बताया कि उसके पिता गन्ने के खेत में खाद डालने गए थे। आरोपियों ने उन्हें खेत से सड़क पर लाकर कार से कुचलकर मार डाला और मौके से फरार हो गए।
नींदडू-एसपी ने मटोरा का दौरा कर स्थिति जानी
सोमवार की अपराह्न पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मटोरा दरगाह का दौरा कर पुखराज हत्याकांड के विषय में जानकारी हासिल की। एसपी ने घटना स्थल और खेत आदि का निरीक्षण किया तथा मृतक पुखराज के घर जाकर आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।