-जिले में 82,563 विद्यार्थी देंगे हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा
-किसी कोई आपत्ति हो तो, वह 28 अक्तूबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की घोषणा हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 111 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी कर दी है। इस बार जिले में 82,563 विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची भी ऑनलाइन जारी कर दी गई। छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर 28 अक्तूबर 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। यह प्रत्यावेदन परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन जमा करना होगा।
जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 82,563 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 44,568 और इंटरमीडिएट के 37,995 विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों की परीक्षा कराने के लिए जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारण हो गया है। इस बार जिले में 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी अनंतिम सूची जारी कर दी गई। इस सूची से संबंधित विद्यालयों को केंद्र आवंटन की जानकारी मिलेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पिछले शैक्षिक सत्र में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार तीन हजार 832 विद्यार्थी कम होने से 8 परीक्षा केंद्र कम किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण सूची जारी कर दी है। परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची भी ऑनलाइन प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर कोई आपत्ति है। वह 28 अक्तूबर 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। यह प्रत्यावेदन परिषद के पोर्टल यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन पर ऑनलाइन जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद किसी अन्य माध्यम से कोई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
- इस बार आठ परीक्षा केंद्र कम बने
विभाग के अनुसार माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में परीक्षा के लिए 82,563 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसके लिए 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर में 86395 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनके लिए 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। गत शैक्षिक सत्र के सापेक्ष इस बार 3832 विद्यार्थी कम हैं।