प्रियंका गांधी के लेटर पैड से छेड़छाड़
धामपुर। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के लेटरपैड से छेड़छाड़ का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला राष्ट्रीय महासचिव से जुड़ा होने के चलते कांग्रेसी नेताओं ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। इन लेटरपैड पर नाम में अंतर के चलते यह विषय चर्चा में आ गया।
कोरोना संक्रमणकाल के दौरान रयान फाउंडेशन के द्वारा रामलीला बाग के पीछे स्थित एक स्कूल में कोरोना केयर सेंटर संचालित किया गया था। सेंटर संचालन में नगर के ही युवाओं के द्वारा इसमें भागीदारी की गई थी। केयर सेंटर संचालकों के द्वारा करीब 300 मरीजों का स्वास्थ्य लाभ दिलाने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल हकीकत क्या है, यह जांच का विषय
कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव हुमायूं बेग एडवोकेट पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव द्वारा जारी लेटर पैड पर बधाई संदेश देने अपनी टीम के साथ फाउंडेशन के सदस्य नाजिम अहमद के ग्राम हर्रा अहमदपुर जलाल स्थित गांव पहुंचे थे। अपने तथा प्रियंका गांधी के लेटर पैड पर जारी बधाई संदेश भेंट किया। सोशल मीडिया पर दो लेटरपैड वायरल हो रहे हैं, एक में तीन नाम है और एक में चार। ऐसे में कौन सा सही है और कौन सा गलत, इसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं।
मामला संज्ञान में आया है: हुमायूं बेग
अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव हुमायूं बेग का कहना है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी का बधाई संदेश मिलना ही सम्मान से कम नहीं है। उनके द्वारा केवल एक लेटर पैड पर बधाई पत्र रयान फाउंडेशन पदाधिकारी को भेंट किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव के लेटर पैड से छेड़छाड़ करने का मामला उनके संज्ञान में आया है।