डेंगू की रिपोर्ट जारी नहीं कर रहीं निजी लैब
बिजनौर। डेंगू का समय मौसम के हिसाब से अब खत्म हो गया है और स्वास्थ्य विभाग व निजी पेथलैब संचालक अब तक आपसी रार में ही उलझे हुए हैं। निजी जैब संचालक मरीजों को अब भी एनएस वन रिपोर्ट से डेंगू की पुष्टि कर रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग इसे मानने से इनकार कर रहा है। विभाग की टीम ने लैब का निरीक्षण किया तो कई लैब संचालक डेंगू की रिपोर्ट न करने की बात कहने लगे। इस मामले में जनता को ही पिसना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में जिले में अब तक डेंगू के चार ही मरीज मिले हैं और इनकी पुष्टि भी जिला अस्पताल में हुई है। जिला अस्पताल में एलाइजा पद्घति से होने वाली जांच में डेंगू की पुष्टि होती है, जबकि निजी लैब संचालक दूसरे टेस्ट से डेंगू बता रहे हैं। निजी लैब की रिपोर्ट को स्वास्थ्य विभाग मानने को तैयार नहीं है। नियम के अनुसार निजी लैब संचालक डेंगू के लिए आने वाले सैंपल को स्वास्थ्य विभाग के पास भी नहीं भेज रहे हैं। निजी लैब और स्वास्थ्य विभाग की इस खींचातानी में पिसना आम जनता को ही पड़ रहा है। निजी लैब की डेंगू की रिपोर्ट पर मरीजों से निजी चिकित्सक काफी पैसा बना रहे हैं। विभाग ने अब निजी लैब संचालकों को चेतावनी जारी की है। सूत्रों के अनुसार अब निजी लैब संचालक कागज में डेंगू की रिपोर्ट नहीं दे रहे हैं। मरीजों को अपनी रिपोर्ट के अनुसार केवल बोलकर ही डेंगू के बारे में बता रहे हैं।
जांच में डेंगू की रिपोर्ट देने से किया इंकार
पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. एसके निगम के अनुसार काफी लैब में जांच की गई तो उन्होंने डेंगू की रिपोर्ट जारी करने से मना किया है। जो लैब डेंगू की रिपोर्ट दे रही हैं, उनके बारे में पता किया जा रहा है और रिकॉर्ड भी चेक करा रहे हैं। सभी से सरकारी अस्पतालों में भी सैंपल देने को कहा जा रहा है। एक निजी लैब संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जो टेस्ट उनके पास है उसी के आधार पर जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट मरीज को दे दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग में सैंपल नहीं भिजवाए जा रहे हैं।