मार्च तक पूर्ण होंगे प्रधानमंत्री आवास
नजीबाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत नजीबाबाद ब्लॉक में 680 आवास निर्मित किए जाएंगे। चयनित पात्रों के आवास निर्माण पंजीकरण का काम पूरा हो चुका है।
विकास खंड नजीबाबाद की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2018-19 और 2019-2020 के सर्वेक्षण में करीब दो हजार पात्रों का प्रधानमंत्री आवास के लिए चयन किया गया था। सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से चयनित पात्रों के ऑनलाइन डाटा अपडेट करने के साथ प्रथम चरण में 31 मार्च 2021 तक 680 पात्रों के आवास निर्मित कराने का लक्ष्य है। प्रभारी बीडीओ ज्ञान सिंह के अनुसार आवास निर्माण में 60 प्रतिशत अनुसूचित जाति, 25 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग और 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक वर्ग के आवास निर्मित कराए जाएंगे। खंड विकास कार्यालय के अनुसार पात्रों के पंजीकरण के बाद खाता सत्यापन होने के बाद उनके खातों में निर्माण संबंधी धनराशि भेजी जाएगी। आवास के लाभार्थी को मनरेगा से 90 दिन की मजदूरी मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण की प्रथम किस्त 40 हजार रुपये नींव स्तर तक, 70 हजार रुपए दूसरी किस्त लिंटर निर्माण तक और 10 हजार रुपये अंतिम किस्त फिनिशिंग के लिए दी जाएगी।