मधुमक्खियों के हमले में पुजारी की मौत
नगीना(बिजनौर)। मधुमक्खियों के हमले में नगीना के श्री दिगंबर जैन मंदिर के पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। मधुमक्खियों से घिरे पुजारी को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने धुआं करके मधुमक्खियों को भगाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन तब तक पुजारी अचेत अवस्था में जमीन पर गिर चुके थे।
मोहल्ला कायस्थ सराय निवासी पवन कुमार शर्मा (58) नगर के मोहल्ला साहू वान में स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर के पुजारी थे। परिजनों के अनुसार पवन कुमार शर्मा शुक्रवार सुबह पास के गांव शाह अलीपुर कोटरा में किसी घर पर पूजा अर्चना करने गए थे। करीब 11 बजे वह अपनी साइकिल से घर आ रहे थे। रास्ते में मधुमक्खियों का झुंड एक खेत पर खड़े पशुओं पर मंडरा रहा था। पशुओं को मधुमक्खियों के झुंड से बचाने के लिए किसी ग्रामीण ने पशुओं की रस्सी काट दी। इसी बीच मधुमक्खियों ने रास्ते से गुजर रहे पंडित पवन कुमार शर्मा पर हमला कर दिया, जिससे वह अचेत अवस्था में गिर पड़े। खेत पर काम कर रहे लोगों ने धुआं करके मधुमक्खियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन मधुमक्खी उनके कपड़ों के अंदर तक घुस गईं।
सूचना पर रिंकू शर्मा पिता पंडित पवन शर्मा को नगीना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर ब्राह्मण सभा नगीना के अध्यक्ष सचिन शर्मा, भाजपा नेता अरुण शर्मा, व्यापारी नेता प्रमोद जैन, अमित जैन, विक्की, दीपक जैन, अशोक कुमार, चंद्र दत्त शर्मा, समीर शर्मा, अशोक दीक्षित, शिव शंकर सक्सेना आदि ने उनके घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। व्यापारी नेता प्रमोद जैन ने बताया की पवन कुमार शर्मा श्री दिगंबर जैन मंदिर में करीब दो दशकों से पुजारी थे। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर नवीन कुमार का कहना है कि हो सकता है कि मधुमक्खी के हमले के बाद घबराहट में हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई होगी।