‘उच्चकोटि का पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी’
बिजनौर। विवेक कॉलेज के फार्मेसी विभाग द्वारा फार्मेसी शिक्षा में असमानता विषय पर एक अंतरारष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। देश-विदेश के 1650 प्रतिभागी जूम एप और यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से कार्यक्रम का हिस्सा बने।
शुक्रवार को आयोजित वेबिनार में सर्वप्रथम मुख्य वक्ता के रूप में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन डा. सुरेश भोजराज ने अपने विचार रखे। उन्होंने अपने वक्तव्य में फार्मेसी शिक्षा में असमानता को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि फार्मेसी काउंसिलिंग द्वारा एक उच्च कोटि का पाठ्यक्रम तैयार कर पूरे देश में लागू किया जा रहा है। इसके तहत सभी छात्र-छात्राओं को ई-लर्निंग मैटेरियल भी उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने फार्मेसी शिक्षा में असमानता के सभी आयामों को शामिल करते हुए फार्मेसी में भविष्य की संभावनाओं के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया और फार्मेसी में नौकरियों की अपार संभावनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। वेबिनार के गेस्ट ऑफ ऑनर रोहतक विश्वविद्यालय, रोहतक के फार्मेसी विभाग के एमडी डा. अरुण नंदा ने भी वेबिनार के शीर्षक पर प्रकाश डाला। कॉलेज चेयरमैन अमित गोयल ने कहा कि आने वाला समय फार्मेसी का है। फार्मेसी के छात्रों के लिए ऐसे वेबिनार बहुत महत्वपूर्ण एवं लाभदायक सिद्ध होंगे। इस समय कोविड-19 महामारी में फार्मेसी ही एकमात्र आखिरी उम्मीद है। इस क्षेत्र में जॉब की भरमार होगी। फार्मेसी विभाग के प्राचार्य डा. सौरभ शर्मा व कॉलेज सचिव दीपक मित्तल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रुप कोआर्डिनेटर डा. हितेश शर्मा, सीनियर प्रवक्ता विशाल कुमार, डा. संदीप कुमार, डीजी बारी, सार्थक गुप्ता आदि का सहयोग रहा।