पंचायत सहायक विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची करें तैयार
बिजनौर। गांवों के विकास के लिए बजट का आवंटन विकास योजनाओं के अनुसार निर्धारित होता है। योजना तय करने के लिए ग्रामीणों की जरूरतों का जानना जरूरी है। पंचायत सहायक पंचायतों की विकास योजना तैयार करते समय प्राथमिकता तय करें।
जिले की 1123 पंचायत सहायकों को मंडल स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में डीपीआरओ सतीश कुमार प्रशिक्षक है। आज नूरपुर, स्योहारा तथा नजीबाबाद के पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण था। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बतौर प्रशिक्षक कहा कि पंचायत लोकतंत्र की पहली एवं मुख्य सीढ़ी है। शासन की प्राथमिकता पंचायतों का सर्वांगीण विकास है। पंचायत सहायकों की विकास योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। पंचायतों को विकास कार्यों के लिए बजट योजना के अनुसार मिलता है। पंचायत सहायक जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से मिलकर प्राथमिकता तय करें। गांवों में वे कार्य पहले हो जिनकी सबसे अधिक आवश्यकता हो। स्वास्थ्य, शिक्षा, साफ सफाई जैसे कार्य को प्राथमिकता दें। पंचायत सहायक विकास योजना तैयार करके शासन की वेबसाइट पर अपलोड कराएं।