जिले में गन्ने की नई प्रजातियां लाने की तैयारी
बिजनौर। जिले में बोई जा रही गन्ना प्रजाति पर रेड रोज बीमारी का प्रकोप शुरू हो गया है। गन्ना विभाग गन्ने की नई प्रजातियों को जिले में लाने की तैयारी में जुटा है। गन्ना विभाग किसानों को नई प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराएगा।
डीसीओ यशपाल सिंह ने बताया कि जिले में किसान 238 प्रजाति के गन्ने की बुवाई करते हैं। पूर्वांचल में रेड रोज बीमारी ने 238 प्रजाति को अपनी चपेट में ले लिया है। इसलिए किसानों के लिए 238 प्रजाति के मुकाबले की कई अन्य प्रजातियां विकसित की जा रही हैं। बताया कि नई प्रजातियों में सीओएस 14201, 13235, 118, 1331, 9232, 8279 प्रमुख हैं। जिले के लिए इन प्रजातियों का आवंटन हो गया है। सीडीओ ने बताया कि तीन अगेती प्रजाति तथा पांच सामान्य प्रजाति हैं। बीज शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर से मिलेगा। कुछ प्रजातियां धामपुर व स्योहारा चीनी मिलों की पौधशाला में विकसित हुई हैं।
डीसीओ के अनुसार नई प्रजातियां पहले आधार पौधशाला फिर प्राथमिक पौधशाला में रखी जाएंगी। उसके बाद किसानों को दी जाएंगी। बताया कि किसानों द्वारा वर्तमान में बोई जा रहीं प्रजाति 238 के आकस्मिक रूप से बीमारी से प्रभावित होने पर नई प्रजातियां कारगर साबित होंगी। इन प्रजातियों की प्रति एकड़ पैदावार 238 प्रजाति से कम नहीं है। किसान अर्जुन सिंह, बलराम सिंह आदि का कहना है कि 238 प्रजाति गन्ने की प्रति बीघा पैदावार 100 क्विंटल तक है।